मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत गौरवशाली, वैभवशाली, समृद्धशाली, भ्रष्टाचारमुक्त और अन्याय को समाप्त करने वाला बन रहा है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत गौरवशाली, वैभवशाली, समृद्धशाली, भ्रष्टाचारमुक्त और अन्याय को समाप्त करने वाला बन रहा है। प्रधानमंत्री मोदी और केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में भारत को नये मुकाम पर पहुंचाया है। मोदी सरकार द्वारा गरीबों को पक्का मकान दिया गया। साथ ही आयुष्मान कार्ड से पांच लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा और जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 समाप्त किया गया।
मुख्यमंत्री चौहान शुक्रवार को सतना में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मुख्य आतिथ्य में माता शबरी जयंती पर आयोजित कोल जनजाति महाकुंभ को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में गृह मंत्री अमित शाह ने 507 करोड़ रुपये लागत के 70 विकास कार्यों का शिलान्यास और 26 करोड़ रुपये लागत के 18 कार्यों का लोकार्पण किया। समारोह में विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं में हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित किये गये।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि अन्याय का अंत करना ही धर्म है। माता शबरी द्वारा सच्चे मन से की गई भगवान श्रीराम की भक्ति अमर हो गई। उन्होंने मैया शबरी और भगवान श्री राम के मिलन का स्मरण किया। उन्होंने कहा कि मां शबरी और भगवान राम की कथा संदेश देती है कि शासन और प्रशासन चलकर अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, तभी राम राज्य होगा। यह कथा अन्याय का अंत करने का संदेश देती है। साथ ही इस कथा से मां की इच्छा की पूर्ति करने का संदेश भी मिलता है।
उन्होंने कोल समाज की उन्नति और गौरव को स्थापित करने के लिये राज्य सरकार की संकल्प शक्ति को जताया। उन्होंने कहा कि रीवा जिले की त्यौंथर तहसील में कोल शासकों की कोल गढ़ी का साढ़े तीन करोड़ रुपये की लागत से जीर्णोद्धार किया जायेगा। गढ़ी की बाउण्ड्री-वॉल बनाई जायेगी, मैया शबरी की प्रतिमा स्थापित की जायेगी और अंतिम कोल राजा का तेल चित्र बनवाया जायेगा। गढ़ी परिसर में कोल जनजाति की संस्कृति, वेशभूषा, रीति-रिवाज एवं इतिहास को भी दर्शाया जायेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोल समाज की बहनों को भी पोषण आहार के लिए प्रतिमाह एक हजार रुपये का आहार अनुदान दिया जायेगा। साथ ही समाज के छात्र-छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिये प्रशिक्षण और कोचिंग की व्यवस्था की भी जायेगी। रीवा जिला मुख्यालय पर पोस्ट ग्रेजुएट जनजातीय छात्रावास और सतना में कोल जनजाति कन्या छात्रावास बनाया जायेगा।
उन्होंने कहा कि सरकार स्वयं का व्यवसाय करने वाले कोल जनजाति के युवाओं को बैंक से ऋण दिलाने की गारंटी सरकार लेगी और ब्याज अनुदान भी देगी। कोल जनजाति के सभी भाई-बहनों को प्लाट उपलब्ध कराया जायेगा। कोल जनजाति का कोई भी व्यक्ति बिना जमीन के नहीं रहेगा। कोल जनजाति के देवी-देवताओं के धार्मिक स्थलों का पुनर्निर्माण एवं संरक्षण का कार्य किया जायेगा। प्रदेश में एक अप्रैल से शराब की दुकानों के अहाते बंद होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातियों के बच्चों के उच्च शिक्षा में आगे बढ़ने के लिये कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। मेडिकल और इंजीनियरिंग की पढ़ाई को हिन्दी माध्यम में शुरू किया गया है, जिससे गरीब जनजातीय परिवारों के बच्चे भी आगे बढ़ सकें। सीएम जन-सेवा अभियान के माध्यम से छूटे हुए पात्र हितग्राहियों के राशन कार्ड एवं आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं। विकास यात्रा से यह कार्य सतत जारी है।
उन्होंने कहा कि केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह की गरिमामयी उपस्थिति में जबलपुर में शंकरशाह-रघुनाथ शाह जयंती कार्यक्रम में जनजातीय समाज के उद्धार के लिये की गईं सभी 14 घोषणाएं अमल में आ चुकी हैं। मध्यप्रदेश में जनजातीय वर्ग को जल, जंगल और जमीन का हक देने पेसा नियम लागू कर दिया गया है।